भाजपा को तो पश्चाताप यात्रा निकालनी चाहिए: सूर्यकांत धस्माना

The BJP should undertake a 'repentance march': Suryakant Dhasmana

उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के ‘लोकतंत्र बचाओ अराजकता मिटाओ यात्रा’ की घोषणा के बाद प्रदेश की  राजनीति में आरोप-प्रत्यरोप का दौर तेज हो गया है। कांग्रेस ने भाजपा के इस कदम पर तीखा पलटवार करते हुए इसे कांग्रेस की न्याय यात्रा से उपजी घबराहट करार दिया है। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने भाजपा को सुझाव दिया है कि उसे जनता के बीच जाकर अपनी विफलताओं का श्रेय लेने के बजाय ‘पश्चाताप यात्रा’ निकालनी चाहिए और पिछले दस वर्षों के शासनकाल के लिए प्रदेश की जनता से माफी मांगनी चाहिए।

कांग्रेस की न्याय यात्रा से भाजपा में घबराहट

गुरुवार को देहरादून स्थित अपने कैंप कार्यालय में आयोजित एक पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए सूर्यकांत धस्माना ने राज्य  सरकार की नीतियों और कार्यशैली पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की ‘न्याय यात्रा’ को प्रदेश की जनता का भरपूर समर्थन और स्नेह मिल रहा है। इससे भाजपा नेतृत्व में स्पष्ट रूप से घबराहट और बौखलाहट देखी जा सकती है। इसी घबराहट का नतीजा है कि भाजपा आनन-फानन में अपनी यात्रा निकालने की घोषणा कर रही है, ताकि कांग्रेस के बढ़ते जनाधार को प्रभावित किया जा सके।

बेरोजगारी, महिला अपराध और भ्रष्टाचार पर सरकार को घेरा

धस्माना ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था, बेरोजगारी, शिक्षा व्यवस्था और भ्रष्टाचार जैसे गंभीर मुद्दों पर राज्य सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की न्याय यात्रा का मुख्य उद्देश्य प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं, युवाओं में फैलती बेरोजगारी, ठप पड़ी शिक्षा व्यवस्था और शासन-प्रशासन में व्याप्त भ्रष्टाचार को उजागर करना है।उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पिछले दस वर्षों के भाजपा शासनकाल में उत्तराखंड की जनता को हर मोर्चे पर समस्याओं का सामना करना पड़ा है। महंगाई और बेरोजगारी से आम नागरिक त्रस्त हैं, जबकि राज्य सरकार इन बुनियादी समस्याओं के समाधान में पूरी तरह विफल साबित हुई है।

प्रचार के जरिए ध्यान भटकाने का प्रयास

कांग्रेस नेता ने कहा कि जब जनता इन बुनियादी मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगती है, तो भाजपा के पास कोई संतोषजनक उत्तर नहीं होता। ऐसे में भाजपा केवल झूठे प्रचार और आयोजनों के माध्यम से लोगों का ध्यान असली मुद्दों से भटकाने का प्रयास कर रही है। धस्माना ने कहा कि अब प्रदेश की जनता बहुत समझदार हो चुकी है और वह सरकार की इन चालों को अच्छी तरह समझती है। केवल विज्ञापनों और प्रचार के बल पर अब जनता को गुमराह नहीं किया जा सकता। उन्होंने दोहराया कि कांग्रेस अपनी न्याय यात्रा के माध्यम से जनता के हक और अधिकारों की आवाज को प्रमुखता से उठाती रहेगी और सरकार को जनहित के मुद्दों पर जवाबदेह बनाएगी

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad

सम्बंधित खबरें