
शांत वादियों, मनमोहक प्राकृतिक सौंदर्य और शिक्षित एवं सभ्य नागरिकों के लिए देशभर में पहचान रखने वाला उत्तराखंड आज बढ़ते साइबर अपराधों की चुनौती से जूझ रहा है। ऑनलाइन धोखाधड़ी के साथ-साथ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फर्जी फेसबुक एवं इंस्टाग्राम आईडी बनाकर लोगों को गुमराह करने तथा उनकी छवि खराब करने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं।
नक्शेदेखें
स्वप्निल सिन्हा ने की साइबर IG से मुलाकात
इसी गंभीर विषय पर आज जन जागरण अभियान समिति के संस्थापक/अध्यक्ष स्वप्निल सिन्हा ने पुलिस महानिरीक्षक साइबर क्राइम, उत्तराखंड डॉ. नीलेश आनंद भरणे से मिल कर साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने और फर्जी सोशल मीडिया आईडी संचालित करने वालों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
बंशीधर तिवारी का भी बनाया था फर्जी फेसबुक ID
स्वप्निल सिन्हा ने कहा कि हाल ही में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के अपर सचिव एवं वरिष्ठ आईएएस अधिकारी बंशीधर तिवारी के नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बनाए जाने का मामला सामने आया है। श्री तिवारी द्वारा स्वयं अपनी वास्तविक सोशल मीडिया आईडी से पोस्ट कर लोगों को फर्जी आईडी से सावधान रहने की जानकारी दी गई है।
नक्शेदेखें
IAS आशीष कुमार श्रीवास्तव का भी बन चुका है फेक अकाउंट
सिन्हाने बताया कि कुछ समय पहले एक अन्य वरिष्ठ आईएएस अधिकारी आशीष कुमार श्रीवास्तव के नाम से बनाई गई फर्जी फेसबुक आईडी के माध्यम से उन्हें मैसेंजर पर घर का सामान बेचने के संबंध में संदेश प्राप्त हुआ था। इससे स्पष्ट है कि साइबर अपराधी अब आम नागरिकों के साथ-साथ वरिष्ठ अधिकारियों और सार्वजनिक जीवन से जुड़े लोगों के नाम और पहचान का भी दुरुपयोग कर रहे हैं।
अपराधियों पर की कार्रवाई की मांग
स्वप्निल सिन्हा ने कहा कि फर्जी सोशल मीडिया आईडी बनाकर लोगों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजना, मैसेज के माध्यम से भ्रमित करना अथवा किसी व्यक्ति की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का प्रयास गंभीर मामला है। ऐसे मामलों में साइबर अपराधियों की पहचान कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कठोर एवं दंडात्मक कार्रवाई की जानी चाहिए।
उन्होंने पुलिस विभाग से मांग की कि फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट संचालित करने वाले साइबर अपराधियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई के साथ-साथ आम जनता को भी ऐसे मामलों के प्रति जागरूक किया जाए, ताकि लोग ऑनलाइन ठगी एवं पहचान के दुरुपयोग का शिकार होने से बच सकें।
देहरादून में चलेगा जन जागरूकता अभियान
‘जन जागरण अभियान समिति’ के संस्थापक और अध्यक्ष स्वप्निल सिन्हा ने बताया कि संगठन ने पुलिस के साथ मिलकर राजधानी देहरादून के विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों और आवासीय क्षेत्रों में साइबर अपराध और ऑनलाइन धोखाधड़ी के बारे में एक जन जागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया है। इस अभियान के माध्यम से छात्रों, युवाओं और आम जनता को फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट, ऑनलाइन स्कैम, संदिग्ध लिंक, और OTP या व्यक्तिगत जानकारी साझा करने से जुड़े खतरों के प्रति जागरूक किया जाएगा

