
उत्तराखंड से एक सनसनीखेज वारदात सामने आ रही है। यहां बागेश्वर जिले में शनिवार सुबह एक राजकीय इंटर कॉलेज भटकोला के प्रधानाचार्य की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई। स्कूल जाते समय प्रिंसिपल दयानंद टम्टा को धारदार हथियार से हमला कर उन्हें लहूलुहान कर दिया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
बाबू ने चाकू से गोदकर की प्रिंसिपल की हत्या
इस वारदात को अंजाम देने वाला और कोई नहीं बल्कि स्कूल का ही एक बाबू है। वो रास्ते में ही घात लगाकर बैठा हुआ था। दरअसल सैंज निवासी 55 साल प्रधानाचार्य दयानंद टम्टा हर रोच की तरह आज शनिवार को भी स्कूल के लिए निकले। गाड़ी से मुख्य सड़क तक पहुंचने के बाद वो पैदल स्कूल की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान बाबू नवल किशोर अचानक से प्रिंसिपल पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर देता है।
चाकू से कई बार किया वार
हमाला इतना अचानक और तेज था कि प्रिंसिपल को संभलने तक का मौका नहीं मिला। शरीर पर बाबू ने कई बार घातक वार किए। जिससे वो सड़क पर ही लहूलुहान होकर गिर गए। इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
चिकित्सकों ने किया मृत घोषित
स्थानीय लोग और परिजन घायल प्रधानाचार्य को तत्काल जिला अस्पताल लेकर गए। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। शुरुआती जांच में पता चला कि आरोपी बाबू सैलरी रुकने से परेशान था। जिसके चलते उसने इस वारदात को अंजाम दिया।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस मामले की जांच कर रही है। तो वहीं आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की हैं। पुलिस लगातार दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही हैं

