


जिला ऊधम सिंह नगर के बाजपुर कोतवाली क्षेत्र में ट्रेन की चपेट में आकर विवाहिता की मौत हो गई। घटना की सूचना से पुलिस प्रशासन में भी हड़कंप मच गया। केलाखेड़ा पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है। वहीं मृतका के मायके वालों ने ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाया है।
रविवार को डाउन सवारी गाड़ी (ट्रेन) संख्या- 65302 काशीपुर से बरेली जा रही थी। इसी बीच दोपहर बाद करीब 2:30 बजे बाजपुर- बेरिया दौलत के मध्य शिवपुरी क्षेत्र में अचानक एक महिला ट्रेन की चपेट में आ गई, जिससे मौके पर ही उसकी मृत्यु हो गई।
मृतक की शिनाख्त ग्राम शिवपुरी निवासी 38 वर्षीय कुलवंत कौर पत्नी मनवीर सिंह के रूप में हुई है। वहीं घटना की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं जानकारी से रेलवे की आरपीएफ एवं सिविल पुलिस प्रशासन में भी हड़कंप मच गया।
आनन-फानन में ही रेलवे के एएसआई फीरू सिंह राणा मौके पर पहुंच गए। कुछ देर बाद थाना केलाखेड़ा में तैनात महिला एसआई पूनम रावत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गईं और शव कब्जे में लेकर जांच पड़ताल शुरू कर दी।
घटना की जानकारी के बाद मृतका के मायके वाले भी बाजपुर के सरकारी अस्पताल पहुंच गए, जिन्होंने घटना के लिए मृतका के ससुराल वालों को जिम्मेदारी ठहराते हुए हत्या का आरोप लगाया है। मृतका के चाचा दर्शन सिंह ने बताया कि बेटी के ससुराल वाले उसे दहेज के लिए काफी लंबे समय से प्रताड़ित कर रहे थे।
आज सुबह भी इन लोगों ने उसके साथ मारपीट की थी। उन्होंने पुलिस से आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
वहीं मृतका अपने पीछे 13 वर्षीय बेटे को रोता बिलखता छोड़ गई है। बेटा स्कूल में कक्षा 7 में पढ़ रहा है और अचानक मां की मौत से सुधबुध खो बैठा है। मृतका के ससुराल वाले अभी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार अभी किसी की ओर से लिखित शिकायत नहीं मिली है। तहरीर प्राप्त होने के बाद आगे जांच कर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।