Unethical trade: महिला और उसके दामाद द्वारा कथित तौर पर संचालित हाईप्रोफाइल देह व्यापार व हनीट्रैप गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है।

Unethical trade: पुलिस ने भंडाफोड़ (Photo Source – Patrika)
MP News:एमपी के अशोक नगर शहर की दीपेश कॉलोनी में सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक महिला अपने ही दामाद के साथ मिलकर न सिर्फ हाईप्रोफाइल देह व्यापार चला रही थी, बल्कि हनीट्रैप के जरिए युवकों को फंसाकर लाखों की वसूली भी कर रही थी। जब पुलिस ने छापा मारा, तो नजारा किसी फिल्म से कम नहीं था। पुलिस को देखते ही कई युवक छत से कूदकर भागने लगे, जिन्हें पकड़ने के लिए पुलिसकर्मी भी छतों पर कूदते और दौड़ लगाते नजर आए।
सास सरगना, एजेंट दामाद
एसपी राजीवकुमार मिश्रा ने मामले का खुलासा किया। एसपी ने बताया कि मुंगावली एसडीओपी सनम बी खान के नेतृत्व में कोतवाली प्रभारी रविप्रतापसिंह चौहान ने देर शाम पुलिस बल के साथ सीमा अहिरवार के घर पर दबिश दी। मौके से मुख्य सरगना सीमा अहिरवार और एजेंट का काम करने वाले उसके दामाद भरत अहिरवार को गिरफ्तार कर लिया गया।
इनके अलावा सागर व बीना की दो अन्य महिलाएं और 6 पुरुष भी अनैतिक कृत्य करते पकड़े गए। उनके पास से आपत्तिजनक सामग्री, तीन मोबाइल और 2.10 लाख नकदी बरामद हुई। पुलिस ने सभी के खिलाफ देह व्यापार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
झूठे केस में फंसाने और आत्महत्या की धमकी
देह व्यापार के खुलासे के साथ ही शहर के 32 वर्षीय प्रॉपर्टी डीलर विक्रांत जैन ने हिम्मत दिखाते हुए कोतवाली थाने में इस गिरोह के खिलाफ ब्लैकमेलिंग और हनीट्रैप की एफआइआर दर्ज कराई है। पुलिस के मुताबिक, प्लॉट खरीदने के बहाने सौमा अहिरवार से प्रॉपर्टी डीलर की जान-पहचान हुई थी।

15 जनवरी 2022 की रात सीमा ने उसे दीपेश कॉलोनी स्थित अपने घर बुलाया और नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर बेहोश कर दिया। अगली सुबह जब पीड़ित की नींद खुली तो वह निर्वस्त्र था। इसके बाद सीमा ने उसके अश्लील वीडियो दिखाकर उसे बलात्कार के झूठे केस में फंसाने और आत्महत्या की धमकी देकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। साथ ही 51 लाख रु. ऐंठने के बाद भी ब्लैकमेलिंग जारी रही।
देह व्यापार से खड़ा किया साम्राज्य, महंगे सामान की शौकीन
पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी महिला सीमा ने देह व्यापार और ब्लैकमेलिंग के काले कारोबार से बड़ी संपत्ति बना ली है। उसने गली में औने-पौने दामों पर तीन मकान खरीद लिए थे, जहां से पूरा अवैध कारोबार संचालित हो रहा था। महिला को आलीशान लाइफस्टाइल, महंगी गाडियां, कीमती मोबाइल, स्कूटी और सोने के आभूषणों का शौक था। ग्राहकों को लुभाने वह सोशल मीडिया पर बकायदा रील्स बनाकर लड़कियों की तस्वीरें और वीडियो पोस्ट करती थी।
प्रॉपर्टी डीलर के मुताबिक ब्लैकमेल कर ऐसे ऐंठे रुपए
- -घर के पास मकान लेने के लिए उससे 10 लाख रुपए नकद वसूले गए। दामाद के नाम कार खरीदने 3.50 लाख रु.लिए।
- -क्लासिक सिटी में प्लॉट के नाम पर 5 लाख रुपए ऐंठे और दोबारा शारीरिक संबंध बनाकर फिर से वीडियो बना लिए।
- -ईशागढ़ रोड वाले प्लॉट पर उससे 25 लाख रुपए खर्च करवाकर तीन मंजिला मकान बनवा लिया गया।
- -सीमा ने अपनी बेटी के नाम थूबोन रोड पर प्लॉट की रजिस्ट्री के लिए प्रॉपर्टी डीलर से 8 लाख रुपए वसूले।
पुलिस ने किए ये काम
- -प्रॉपर्टी डीलर से ब्लैकमेलिंग कर 51 लाख रुपए हड़पने के मामले में भी कोतवाली पुलिस ने सीमा अहिरवार, उसकी बेटी और दामाद भरत अहिरवार के खिलाफ एफआइआर दर्ज कर ली है।
- -एसपी कहना है कि देह व्यापार और ब्लैकमेलिंग से अर्जित की गई इन आरोपियों संपत्ति की भी जांच कराई जाएगी, साथ ही जांच कर संपत्ति मामले में भी पुलिस कार्रवाई करेगी।
- -मुख्य आरोपी सीमा अहिरवार पर लगभग 2 साल पहले भी अनैतिक देह व्यापार का मामला दर्ज हुआ था। बार-बार अपराध करने के चलते पुलिस अब उसका रिमांड लेकर पूछताछ होगी।
- -हनीट्रैप, ब्लैकमेलिंग और वसूली के मामले में शामिल सीमा की बेटी अंजलि अहिरवार फिलहाल फरार है, एफआइआर दर्ज करने के बाद पुलिस अब उसकी तलाश में जुट गई है


