Year Ender 2024 : लोकसभा चुनाव से लेकर केदारनाथ उपचुनाव, सियासत के लिहाज से बेहद खास रहा साल 2024

YEAR ENDER 2024

साल 2024 कुछ ही दिनों में विदा लेने वाला है और नए साल 2025 का आगाज होने वाला है। इस साल उत्तराखंड में लोकसभा चुनावों से लेकर केदारनाथ उपचुनाव तक कई दिलचस्प घटनाएं हुई। जिन्होंने उत्तराखंड की राजनीति का माहौल गरमा दिया। इसके साथ ही कांग्रेस से लेकर बीजेपी तक कई नेताओं की किस्मत को भी चमका दिया। जिस कारण साल 2024 सियासी तौर पर उत्तराखंड के लिए बेहद ही खास रहा।

सियासत के लिहाज से बेहद खास रहा साल 2024

साल 2024 में जहां लोकसभा चुनाव हुए तो वहीं तीन उपचुनाव केदारनाथ, बद्रीनाथ और मंगलौर का चुनाव हुआ। बद्रीनाथ उपचुनाव ने जहां सबको चौंका दिया तो वहीं केदारनाथ उपचुनाव के लिए कांग्रेस और बीजेपी दोनों ही पार्टियों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी। इस दौरान हुए आरोप-प्रत्यारोप के चलते राजनीतिक माहौल गरमाया रहा। अब साल के जाते-जाते निकाय चुनाव के चलते एक बार फिर से राजनीतिक माहौल गरमाया हुआ है।

लोकसभा चुनाव में पांचों सीटों पर बीजेपी ने मारी बाजी

लोकसभा चुनावों की बात करें तो मुकाबला बेहद ही टक्कर का रहा। सबसे ज्यादा दिलचस्प मुकाबला लोकसभा चुनावों में पौड़ी सीट पर देखने को मिला। जहां कांग्रेस से गणेश गोदिया तो बीजेपी से अनिल बलूनी आमने-सामने थे। यहां कांटें की टक्कर का मुकाबला देखने के लिए मिला।

जहां अनिल बलूनी के प्रचार के लिए पीएम मोदी से लेकर गृह मंत्री अमित शाह खुद पहुंचे थे तो वहीं गणेश गोदियाल के समर्थन में किसी बड़े कांग्रेस नेता ने प्रचार नहीं किया फिर भी उन्होंने कड़ी टक्कर दी। जिसने इस मुकाबले को और भी दिलचस्प बना दिया। हालांकि पांचों सीटों पर बीजेपी ने बाजी मारी लेकिन पौड़ी के इस मुकाबले ने गणेश गोदियाल के कद को उत्तराखंड की राजनीति में बढ़ा दिया।

बद्रीनाथ उपचुनाव के नतीजों ने सबको चौंकाया

साल 2024 में उत्तराखंड राज्य की तीन विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हुए। जिसमें बद्रीनाथ और मंगलौर सीट के लिए एक साथ उपचुनाव हुआ। बद्रीनाथ उपचुनाव के नतीजों ने सबको चौंका दिया। बद्रीनाथ उपचुनाव में कांग्रेस के लखपत बुटोला तो बीजेपी के राजेंद्र भंडारी आमने-सामने थे। जिसमें लखपत बुटोला ने बाजी मार ली। लखपत सिंह बुटोला ने 5095 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की। लखपत सिंह बुटोला को 27,696 वोट तो बीजेपी के राजेंद्र सिंह भंडारी 22,601 वोट मिले।

साल 2024 में मंगलौर उपचुनाव हुआ जिसमें भी कांग्रेस ने जीत दर्ज की। बता दें कि साल 2022 में मंगलौर विधानसभा सीट से बसपा प्रत्याशी सरबत करीम अंसारी विधायक चुने गए थे। लेकिन उनके निधन के कारण ये सीट खाली हो गई। जिसके बाद साल 2024 में इस सीट पर भी उपचुनाव हुए। जिसमें कांग्रेस उम्मीदवार काजी निजामुद्दीन के सिर पर जीत का ताज सजा।

केदारनाथ उपचुनाव में कांग्रेस-बीजेपी ने झोंक दी थी पूरी ताकत

साल 2024 का सबसे दिलचस्प चुनावों में केदारनाथ उपचुनाव भी रहा। केदारनाथ उपचुनाव पर ना केवल पूरे प्रदेश की बल्कि पूरे देश की निगाहें टिकी हुई थी। बद्रीनाथ और अयोध्या हारने के बाद केदारनाथ जीतना बीजेपी के लिए चुनौती बन गया था। इस उपचुनाव को जीतने के लिए बीजेपी ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी थी। तो वहीं कांग्रेस ने भी कोई कसर नहीं छोड़ी। कांग्रेस से मनोज रावत तो वहीं बीजेपी से आशा नौटियाल मैदान में उतरे थे। बीजेपी प्रत्याशी आशा रावत ने इस उपचुनाव में जीत दर्ज की।

राज्यसभा के लिए निर्विरोध चुने गए महेंद्र भट्ट

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के लिए साल 2024 बेहद ही खास रहा। इस साल महेंद्र भट्ट राज्यसभा के लिए निर्विरोध चुने गए। इसके साथ ही उनका राजनीतिक कद और भी बढ़ गया। इसके साथ ही अब साल के खत्म होने के साथ ही प्रदेश में निकाय चुनाव की सरगर्मियां तेज हैं। हालांकि निकाय चुनाव के लिए मतदान 2025 में होगा और इसके नतीजे भी 2025 में आएंगे लेकिन नामांकन से लेकर प्रचार तक इसी साल हो रहा है।

सम्बंधित खबरें