सिडकुल ड्यूटी जा रहे युवक को कार ने लालकुआं ओवरब्रिज पर मारी जोरदार टक्कर, गंभीर घायल

लालकुआं। सिडकुल रुद्रपुर ड्यूटी पर जा रहे बाइक सवार युवक को लालकुआं में अवंतिका कुंज देवी मंदिर के सामने स्थित ओवरब्रिज पर तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और कार के अगले हिस्से में भी काफी नुकसान पहुंचा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हल्दूचौड़ निवासी 21 वर्षीय लक्ष्मण बिष्ट रुद्रपुर स्थित अशोक लीलैंड सिडकुल में कार्यरत है। सोमवार सुबह करीब 5 बजे वह बाइक से अपनी ड्यूटी के लिए रुद्रपुर जा रहा था। बताया जा रहा है कि जैसे ही वह लालकुआं शहर में प्रवेश करने से पहले अवंतिका कुंज देवी मंदिर के सामने स्थित ओवरब्रिज पर पहुंचा, तभी लालकुआं की ओर से हल्द्वानी की तरफ जा रही एक कार ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही लक्ष्मण बिष्ट सड़क पर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। 112 पुलिस कर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लालकुआं पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर होने के चलते उसे बेहतर उपचार के लिए डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय हल्द्वानी रेफर कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि हादसे में लक्ष्मण के कमर और गर्दन में गंभीर चोटें आई हैं। वहीं दुर्घटना के बाद मौके पर क्षतिग्रस्त बाइक और कार को देखकर टक्कर की भीषणता का अंदाजा लगाया जा सकता था। हादसे के बाद कुछ देर के लिए ओवरब्रिज पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

ADVERTISEMENTS Ad Ad

सम्बंधित खबरें