
टांडा हाईवे पर संजय वन के पास रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सड़क पर अचानक भैंस आ जाने से दो कारों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में कैंची धाम से दर्शन कर लौट रहे दिनेशपुर निवासी एक श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि दोनों कारों में सवार नौ लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पंतनगर पुलिस और 112 आपातकालीन सेवा की टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस के अनुसार, एक फोर्ड कार रुद्रपुर से हल्द्वानी की ओर जा रही थी, जबकि दूसरी कार हल्द्वानी से रुद्रपुर लौट रही थी। जैसे ही दोनों वाहन संजय वन के पास पहुंचे, अचानक एक भैंस सड़क पर आ गई। दूसरी कार पहले भैंस से टकराई और अनियंत्रित होकर सामने से आ रही फोर्ड कार से भिड़ गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के आगे के हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
फोर्ड कार में सवार मोहित सडाना, उनकी पत्नी शारदा सडाना और दोनों बच्चे रुद्र व नंदिनी को मामूली चोटें आईं। वहीं दूसरी कार में सवार संतोष राम, संतोष अग्निहोत्री, रक्षपाल सिंह, आनंद जय सिंह और विनोद मिगलानी समेत अन्य लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
घायलों को अस्पताल ले जाते समय दिनेशपुर निवासी विनोद मिगलानी ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दूसरी कार में सवार सभी लोग कैंची धाम मंदिर में दर्शन करने के बाद रुद्रपुर लौट रहे थे। थाना प्रभारी नंदन सिंह रावत ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। साथ ही लोगों से रात के समय हाईवे पर सावधानी से वाहन चलाने और अचानक सड़क पर आने वाले पशुओं से सतर्क रहने की अपील की गई है।

