बागेश्वर के कपकोट में एंबुलेंस की तीन घंटे की देरी के कारण एक व्यापारी रमेश चंद्र तिरुवा की हायर सेंटर ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई।
बागेश्वर। कपकोट में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली का दर्दनाक मामला सामने आया है। तबीयत बिगड़ने पर तिरुवा जनरल स्टोर के स्वामी रमेश चंद्र तिरुवा (50) को अस्पताल ले जाया गया।
चिकित्सकों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर किया, लेकिन एंबुलेंस के लिए करीब तीन घंटे इंतजार करना पड़ा। उपचार के लिए ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई। घटना के बाद कपकोट बाजार बंद रहा। स्वजन और स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस की देरी पर नाराजगी जताई।
कपकोट तहसील रोड पर दुकान चलाने वाले रमेश बुधवार को रोज की तरह काम कर रहे थे। सुबह करीब 11 बजे उनकी तबीयत अचानक बिगड़ी। स्वजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कपकोट ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हायर सेंटर भेजा। जिला अस्पताल में भी उन्हें आगे रेफर किया गया। पूर्व सभासद तनुज तिरुवा के अनुसार, एंबुलेंस करीब तीन घंटे बाद पहुंची। रमेश ने उपचार के लिए ले जाते समय कोसी में शाम करीब साढ़े छह बजे दम तोड़ दिया।
दस में दो एंबुलेंस खराब
108 प्रभारी सौरव कठायत के अनुसार, जिले में कुल दस एंबुलेंस हैं, जिनमें से दो खराब होने के कारण खड़ी हैं। उनकी मरम्मत कराई जाएगी। घटना वाले दिन जिला मुख्यालय में एंबुलेंस उपलब्ध नहीं थी, इसलिए बनलेख से वाहन मंगाया गया और पहुंचने में देरी हुई। स्थानीय लोगों ने व्यवस्था की समीक्षा की मांग की है।
बाजार बंद, नम आंखों से अंतिम विदाई
रमेश के निधन पर व्यापारियों ने प्रतिष्ठान बंद रखे। गुरुवार को सरयू और खीरगंगा के संगम पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम यात्रा में विधायक सुरेश गढ़िया, नगर पंचायत अध्यक्ष गीता ऐठानी, पूर्व कैबिनेट मंत्री बलवंत सिंह भौर्याल, पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश सिंह ऐठानी, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष गोविंद सिंह बिष्ट, सभासद गजेंद्र सिंह कपकोटी, गणेश तिरुवा, पूर्व प्रधान गणेश उपाध्याय, व्यापार मंडल अध्यक्ष तारा सिंह कपकोटी, महामंत्री हेम कपकोटी और कोषाध्यक्ष नवीन उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। रमेश अपने पीछे दो बेटे छोड़ गए हैं।
स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस की उपलब्धता, खराब वाहनों की मरम्मत और आपातकालीन सेवाओं की कार्यप्रणाली की समीक्षा की मांग की। उनका कहना है कि पहाड़ में अस्पतालों की दूरी पहले ही चुनौती है; ऐसे में रेफर मरीज का घंटों एंबुलेंस का इंतजार करना गंभीर चिंता का विषय है।

