गुरुग्राम में इंसानियत को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। एक 34 साल के शख्स ने सातवीं क्लास में पढ़ने वाली 15 साल की किशोरी से दोस्ती का झांसा देकर उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। हैरानी की बात ये है कि जब तक किसी को कुछ पता चला, तब तक लड़की 9 महीने की गर्भवती हो चुकी थी और उसने एक बच्चे को जन्म दे दिया!
अस्पताल से खुला पूरा राज
मामला उस वक्त खुला जब लड़की को पेट में तेज दर्द हुआ और परिजन उसे गुरुग्राम के सिविल अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने देखा तो सब दंग रह गए – 15 साल की बच्ची ने एक नवजात को जन्म दे दिया। अस्पताल प्रशासन ने फौरन सेक्टर-10ए पुलिस को सूचना दी। पुलिस अस्पताल पहुंची, परिजनों के बयान लिए और तुरंत एक्शन में आ गई।
पड़ोस में ही रहता था दरिंदा
पीड़िता के पिता ने पुलिस को बताया कि वो मजदूरी करते हैं और कई सालों से सेक्टर-10ए इलाके में किराए के मकान में रहते हैं। उसी बिल्डिंग में 34 साल का राजेश (मूल रूप से अयोध्या, उत्तर प्रदेश का रहने वाला) भी रहता था, जो किसी प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता था।
जनवरी 2025 में राजेश ने लड़की से दोस्ती की। धीरे-धीरे वो उसे अपने कमरे पर बुलाने लगा और वहां उसके साथ ज़बरदस्ती दुष्कर्म किया। जब लड़की गर्भवती हो गई तो डर के मारे राजेश ने मकान खाली कर दिया और कहीं और चला गया।
मोबाइल लोकेशन से पहुंची पुलिस, आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने लड़की से मिली जानकारी और मोबाइल लोकेशन की मदद से राजेश को दबोच लिया। उसके खिलाफ पॉक्सो एक्ट और बलात्कार की संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया। कोर्ट ने आरोपी को जेल भेज दिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने लड़की की मासूमियत का फायदा उठाया और उसे धमकाकर चुप रहने को कहा था।


