प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में कैबिनेट बैठक में पांच बड़े फैसलों को मंजूरी दी गई। निर्माण उपकरण उत्पादन, कंटेनर टर्मिनल, सिलचर एयरपोर्ट और डाक विभाग के आधुनिकीकरण सहित योजनाओं …
Modi Cabinet 5 Major Decisions: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को केंद्रीय कैबिनेट की अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में पांच बड़े फैसलों पर मुहर लगाई गई। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि इन फैसलों के तहत करीब 19,934 करोड़ रुपये की योजनाओं को मंजूरी दी गई है। इनमें निर्माण उपकरणों के उत्पादन, बंदरगाह, एयरपोर्ट और डाक विभाग के आधुनिकीकरण से जुड़े प्रस्ताव शामिल हैं।
1. निर्माण उपकरण उत्पादन के लिए ₹11,000 करोड़
कैबिनेट ने निर्माण और इंफ्रास्ट्रक्चर उपकरणों के घरेलू उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए 11,000 करोड़ रुपये की योजना मंजूर की है। यह योजना 2026-27 से 2033-34 तक आठ साल के लिए लागू होगी। इसके तहत एक्सकेवेटर, क्रेन, लोडर, ड्रिलिंग मशीन, टनल बोरिंग मशीन समेत सात प्रकार के उपकरणों के उत्पादन पर जोर दिया जाएगा। सरकार का उद्देश्य आयात पर निर्भरता कम करना और देश में विनिर्माण क्षमता बढ़ाना है।
2. कामराजार पोर्ट पर बनेगा दूसरा कंटेनर टर्मिनल
तमिलनाडु के कामराजार पोर्ट पर 4,288 करोड़ रुपये की लागत से दूसरा कंटेनर टर्मिनल बनाया जाएगा। इसे PPP मॉडल के तहत विकसित किया जाएगा। इसकी सालाना क्षमता 20 लाख TEUs होगी। इससे समुद्री व्यापार और बंदरगाह की क्षमता बढ़ाने में मदद मिलेगी।
3. सिलचर में बनेगा नया ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट
असम के सिलचर स्थित डोलू क्षेत्र में 2,014 करोड़ रुपये की लागत से नया एयरपोर्ट बनाया जाएगा। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया इस परियोजना का खर्च उठाएगी। एयरपोर्ट की सालाना यात्री क्षमता करीब 10.1 लाख होगी। इससे बराक वैली और आसपास के क्षेत्रों में हवाई कनेक्टिविटी बेहतर होगी।
4. डाकघरों के आधुनिकीकरण के लिए ₹1,141 करोड़
डाकघरों को आधुनिक बनाने के लिए अगले पांच साल में 1,141 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके तहत ग्रामीण डाकघरों, पार्सल सेवाओं और लॉजिस्टिक्स नेटवर्क को बेहतर बनाया जाएगा।
5. डाक विभाग की इमारतों पर ₹1,491 करोड़
डाक विभाग की एस्टेट मैनेजमेंट योजना को पांच साल के लिए जारी रखने की मंजूरी दी गई है। इसके तहत 1,491 करोड़ रुपये खर्च होंगे। पुराने डाकघरों का नवीनीकरण, नए भवन निर्माण, कर्मचारियों के आवासों की मरम्मत और ऐतिहासिक इमारतों के संरक्षण पर काम किया जाएगा।

