लालकुआं से बेरीपड़ाव के बीच हाईवे में दो स्थानों पर बाइकों में सवार महिलाओं से की हजारों की लूटपाट

..

लालकुआं। राष्ट्रीय राजमार्ग 109 में लालकुआं से हल्द्वानी के बीच चलना अब खतरे से खाली नहीं रह गया है। गत शाम को हल्द्वानी से बाइक द्वारा लालकुआं की ओर को आ रहे एवं लालकुआं से खरीदारी करने हल्द्वानी को जा रहे दो परिवारों पर रास्ते में बाइक सवार झपटमार युवकों ने बैग झपट लिए, जिसमें हजारों रुपए की नगदी एवं मोबाइल फोन छीन कर वह चंपत हो गए। दोनों घटनाएं बदमाशों ने डस दुस्साहसिक ढंग से सरेशाम को अंजाम दी हैं, एक घटना बबूर गुम्टी के समीप हुई जबकि दूसरी अष्टादश भुजा महालक्ष्मी मंदिर के ठीक सामने हुई है, दोनों घटनाओं की सूचना पीड़ित परिवारों द्वारा लालकुआं कोतवाली पुलिस को दे दी गई है। इसके बावजूद अब तक दोनों मामलों में मुकदमे में दर्ज नहीं हुए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गत शाम लालकुआं से हल्द्वानी को बाइक द्वारा नगर के मोबाइल शॉप दुकानदार सलीम खान अपनी पत्नी एवं चार साल की बच्ची को लेकर खरीदारी करने हल्द्वानी को जा रहे थे, वह आईओसी डिपो से कुछ आगे पहुंचे थे तभी पीछे की ओर से आए बाइक सवार युवकों ने अचानक झपट्टा मारकर उनकी पत्नी के कंधे में लटका बैग लूट लिया, झपट्टा इतनी तेज मारा कि तेज चल रही बाइक से उनकी पत्नी और बच्ची गिरते गिरते बचे, यह घटना इतनी तेजी से हो गई कि बाइक सवार सलीम को पता ही नहीं चला, जैसे ही बैग लूटे जाने की भनक उन्हें लगी तो उन्होंने लुटेरों के पीछे बाइक भगाई। साथ ही साथ हल्दुचौड़ पुलिस चौकी को सूचना भी दी, किंतु बाइक सवार इतनी तेज भागे कि उनकी आंखों से ओझल हो गए।
इसके अलावा अपनी मां के साथ हल्द्वानी से बेरीपड़ाव एवरग्रीन स्कूल के समीप रहने वाला युवक बाइक से आ रहा था, जैसे ही वह महालक्ष्मी मंदिर के ठीक सामने पहुंचा था तभी पीछे से आए बाइक में सवार दो युवकों ने अचानक झपट्टा मारकर उसकी मां के कंधे से पर्स खींच लिया तथा रफूचक्कर हो गए, बाइक सवार युवक तत्काल हल्दूचौड़ पुलिस चौकी पहुंचा, और घटना की सूचना दी। गत शाम से आज दोपहर बाद तक दोनों घटनाओं के पीड़ित युवक लालकुआं कोतवाली के चक्कर लगा रहे हैं, परंतु अब तक पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज नहीं किया है।
कोतवाली के वरिष्ठ उप निरीक्षक दीपक बिष्ट का कहना है कि उन्हें दो स्थानों पर लूटमार की घटनाओं की जानकारी प्राप्त हुई है, पुलिस सीसीटीवी के माध्यम से घटना की सत्यता की जांच कर रही है, उसके बाद कार्रवाई की जाएगी।
इधर सरेशाम एनएच 109 में हुई लूटपाट की घटना से क्षेत्रवासियों में आक्रोश व्याप्त है। उन्होंने स्थानीय पुलिस से हाईवे में लगातार गस्त करने एवं दोनों गंभीर घटनाओं का खुलासा कर अपराधियों को सख्त सजा देने की मांग की है

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad

सम्बंधित खबरें