SIT ने CCTV फुटेज से किया बड़ा खुलासा!, मोबाइल के नीचे ये कीमती सामान ले जाता दिखा आरोपी

 

badrinath-dham-offering-theft-case-sit-arrests-pramod-nautiyal-from-dehradun

श्री बद्रीनाथ धाम में थाली भेंट की धनराशि और अन्य भेंट सामग्री में वित्तीय अनियमितता के मामले में चमोली पुलिस ने अभियुक्त प्रमोद नौटियाल को देहरादन से गिरफ्तार किया है। श्रद्धालुओं की आस्था एवं मंदिर की वित्तीय पारदर्शिता से जुड़े इस संवेदनशील प्रकरण का शासन द्वारा गंभीरता से संज्ञान लिया गया। जिसके उपरांत पुलिस द्वारा मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच सुनिश्चित की गई। इसी को लेकर अब सीसीटीवी फुटेस से बड़ा खुलासा हुआ है। क्लीप में आरोपी मोबाइल के नीचे से और जेब में छिपाकर कीमती सामान ले जाता नजर आया।

बदरीनाथ थाम में कथित गड़बड़ी को लेकर लिखित तहरीर

दरअसल आठ जुलाई, 2026 को श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के प्रभारी मंदिर अधिकारी युद्धवीर पुष्पवान ने लिखित तहरीर दी। जिसके आधार पर कोतवाली श्री बद्रीनाथ में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 306 एवं 316(5) के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया।

जांच के लिए SIT का गठन

तहरीर में उल्लेख किया गया कि दो जुलाई, 2026 को श्री बद्रीनाथ मंदिर में थाली भेंट की गणना के दौरान वित्तीय अनियमितता की सूचना मिली। जिसके बाद अध्यक्ष, श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के आदेशानुसार गठित विभागीय जांच समिति की प्राथमिक जांच में मंदिर समिति के कार्मिक प्रमोद नौटियाल द्वारा थाली भेंट गणना स्थल से धनराशि एवं अन्य भेंट सामग्री को अवैध रूप से अपने निजी हित में चोरी-छिपे ले जाने के तथ्य सामने आए।

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी चमोली मदन सिंह बिष्ट के निकट पर्यवेक्षण में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। SIT द्वारा विवेचना के दौरान घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया गया। साथ ही वादी व गवाहों के बयान दर्ज किए गए।

सीसीटीवी फुटेज से हुआ खुलासा

इसके अलावा, दो जुलाई, 2026 की थाली भेंट गणना कक्ष की सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण में स्पष्ट पाया गया कि अभियुक्त प्रमोद नौटियाल कई बार गणना कक्ष से धनराशि और अन्य भेंट सामग्री को अपने मोबाइल फोन के नीचे छिपाकर और अपनी जेब में रखकर अवैध रूप से बाहर ले जा रहा था।

मोबाइल के नीचे छिपाकर ले गया ये कीमती सामान

विवेचना के दौरान यह भी प्रकाश में आया कि अभियुक्त द्वारा अलग-अलग समय पर ₹500 के नोट, सोना-चांदी के सिक्कों के पैकेट, शालिग्राम शिला और केसर के पैकेट को अवैध रूप से अपने कब्जे में लिया गया।

देहरादून में हुई गिरफ्तारी

सीसीटीवी फुटेज, गवाहों के बयान व अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर अभियुक्त के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य प्राप्त होने पर पुलिस टीम ने 12 जुलाई, 2026 की रात अभियुक्त प्रमोद नौटियाल को उसके देहरादून स्थित आवास से गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्त को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है तथा प्रकरण में अग्रिम विधिक कार्यवाही प्रचलित है

सम्बंधित खबरें