कनाडा के ओशावा में एक हिंदू पुजारी राजेंद्रनाथ दुधनॉथ महाराज को धार्मिक अनुष्ठान के नाम पर एक महिला के यौन उत्पीड़न के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
डिजिटल डेस्क, ओटावा। कनाडा से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां धार्मिक अनुष्ठान के नाम पर एक महिला के साथ यौन उत्पीड़न करने का मामला सामने आया है। अमेरिका के न्यूयार्क में रहने वाले 50 वर्षीय हिंदू पुजारी राजेंद्रनाथ दुधनॉथ महाराज को कनाडाई पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, ओशावा शहर के एक परिवार ने अपने घर पर एक धार्मिक अनुष्ठान करवाने के लिए इस पुजारी को बुलाया था। अनुष्ठान के दौरान आरोपी पुजारी ने पीड़िता को यह झांसा दिया कि उस पर बुरी आत्माओं का साया है और उसे ठीक करने के लिए एक विशेष पूजा या अनुष्ठान की जरूरत है।
कैसे दिया घटना को अंजाम?
मिली जानकारी के अनुसार आरोपी ने महिला को विश्वास में लिया कि उसकी परेशानी दूर करने के लिए गुप्त रूप से पूजा करनी होगी। इसके बाद वह उसे एक सुनसान जगह पर ले गया। वहां धार्मिक अनुष्ठान और इलाज की आड़ में उसने महिला के साथ यौन उत्पीड़न किया।
मामले में पुलिस ने तेज की जांच
घटना की शिकायत मिलने के बाद डरहम पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी पुजारी को गिरफ्तार कर लिया। उस पर यौन उत्पीड़न का गंभीर आरोप लगाया गया है और उसे बेल हियरिंग के लिए हिरासत में रखा गया है।
मामले में जांच अधिकारियों का मानना है कि इस पुजारी ने पहले भी इस तरह के धोखे से अन्य महिलाओं को अपना शिकार बनाया होगा। पुलिस ने जनता से अपील की है कि अगर किसी अन्य व्यक्ति के साथ भी ऐसा या इससे मिलता-जुलता कोई धोखा हुआ है, तो वे तुरंत आगे आएं और पुलिस से संपर्क करें।


