
प्रेमनगर थाना क्षेत्र के मंडुवाला में हुई हत्या की वारदात का पुलिस ने 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक मृतक की पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची थी। दोनों ने शराब पिलाने के बहाने मृतक को जंगल में ले जाकर धारदार हथियार से हमला किया और उसकी हत्या के बाद शव को खाई में फेंक दिया था।
प्रेमनगर ब्लाइंड मर्डर का 12 घंटे में खुलासा
दरअसल, 3 अक्टूबर को प्रेमनगर थाना पुलिस को मंडुवाला स्थित डॉल्फिन कॉलेज के पास जंगल में एक व्यक्ति का शव खाई में पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान मदन मुखिया (38) मूल निवासी बिहार, हाल निवासी मंडुवाला झाझरा के रूप में हुई। मृतक के गले पर धारदार हथियार से वार के निशान मिले थे। घटना की सूचना के बाद पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जानकारी जुटाई।
CCTV और पूछताछ से खुला हत्या का राज
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर पुलिस की कई टीमें गठित की गईं। टीमों ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली और आसपास रहने वाले मजदूरों का सत्यापन किया। पुलिस ने मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया। जांच के दौरान पुलिस को एक अहम सुराग मिला और मुखबिर की सूचना पर मंडुवाला स्थित बाला सुंदरी मंदिर के पास से लल्लन शर्मा को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने मदन मुखिया की हत्या में शामिल होने की बात स्वीकार की। आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने मृतक की पत्नी मीना देवी को भी प्रेमनगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
तीन साल से चल रहा था प्रेम प्रसंग
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी लल्लन ने बताया कि पिछले करीब 2-3 साल से उसका मदन मुखिया की पत्नी मीना के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। कुछ दिन पहले मदन ने लल्लन का मोबाइल चेक किया था, जिसमें उसे अपनी पत्नी और लल्लन की फोटो और वीडियो दिखाई दिए। इसके बाद मदन ने दोनों को जान से मारने और उनके रिश्ते की जानकारी अन्य लोगों को देने की धमकी दी थी।
हत्या के बाद जंगल से नीचे खाई में फेंका शव
पुलिस के अनुसार, इसी बात से घबराकर दोनों ने मदन को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। योजना के तहत मीना ने मदन को शराब पिलाने के बहाने डॉल्फिन कॉलेज के पास जंगल में बुलाया। वहां शराब पिलाने के बाद जब मदन नशे में था, तभी मीना और लल्लन ने धारदार चाकू से उस पर हमला कर दिया। हत्या के बाद दोनों ने शव को जंगल से नीचे खाई में फेंक दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अरेस्ट कर लिया है।

