
हल्द्वानी। मौसम विभाग की ओर से सोमवार 31 अगस्त को जनपद नैनीताल में भारी से बहुत भारी बारिश और आकाशीय बिजली की चेतावनी के चलते कक्षा एक से 12 तक के सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी और निजी विद्यालय बंद रहेंगे। इसके साथ ही जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में भी एक दिन का अवकाश रहेगा।
भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून ने 31 अगस्त के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए जिले में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा, गर्जन के साथ आकाशीय बिजली और बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना जताई है। लगातार हो रही बारिश के कारण नदी-नालों और गधेरों में तेज जलप्रवाह तथा संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा भी बना हुआ है।

छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को देखते हुए जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष ललित मोहन रयाल ने 31 अगस्त को सभी शैक्षणिक संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश के आदेश जारी किए हैं। विद्यालयों के प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, शिक्षक एवं कार्यालय स्टाफ को भी अवकाश अनुमन्य रहेगा।
हालांकि, नैनीताल शहर के ऐसे आवासीय विद्यालयों पर यह आदेश लागू नहीं होगा, जहां पढ़ाई और आवास की सुविधा एक ही परिसर में उपलब्ध है। जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।

