दुःखद – छत में एसी के करंट चपेट में आये पिता को बचाने गई लाडली पुत्री भी मौत के मुंह

पिता-पुत्री की मौत से घर में कोहराम

हलद्वानी the misaile .Com

वनभूलपुरा क्षेत्र में सोमवार देर रात एसी का आउटडोर पैनल ठीक करते समय करंट की चपेट में आने से पिता और बेटी की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। घटना को लेकर स्थानीय लोगों और ऊर्जा निगम के अधिकारियों के बयानों में भी अंतर सामने आया है।


वनभूलपुरा के वार्ड छह, लाल मस्जिद निवासी 44 वर्षीय नदीम कार गैराज में काम करते थे। बताया गया कि सोमवार रात करीब 8:30 बजे वह घर की छत पर एसी में आई तकनीकी खराबी ठीक करने गए थे। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गए।


पिता की चीख सुनकर उनकी 12 वर्षीय बेटी अलिज्बा उन्हें बचाने के लिए छत पर पहुंची। पिता को छूते ही वह भी करंट की चपेट में आ गई। आनन-फानन में बिजली आपूर्ति बंद कर दोनों को परिजन डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।


स्थानीय लोगों का आरोप है कि घर के पास लगे बिजली के पोल में करंट उतरने से हादसा हुआ। हालांकि, ऊर्जा निगम के उपखंड अधिकारी मनीष जोशी के अनुसार सूचना मिलते ही टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की थी। तकनीकी जांच में बिजली के पोल में करंट नहीं मिला।

उनके मुताबिक छत पर रखे एसी के आउटडोर पैनल में खराबी के कारण करंट लगने की जानकारी सामने आई है।
कोतवाल दिनेश फर्त्याल ने बताया कि दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

ADVERTISEMENTS

सम्बंधित खबरें