
हीरानगर क्षेत्र में पुलिस की कार्रवाई, शराब ढोने में इस्तेमाल स्कूटी भी कब्जे में ली
हल्द्वानी। शहर में अवैध शराब की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में हीरानगर चौकी पुलिस ने स्कूटी से अंग्रेजी शराब का अवैध परिवहन करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से इम्पीरियल ब्लू ब्रांड की अंग्रेजी शराब के 96 पव्वे बरामद किए गए हैं। शराब ढोने में इस्तेमाल स्कूटी को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल के निर्देश पर अवैध शराब और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। प्रभारी निरीक्षक हल्द्वानी विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में 13 अक्टूबर को चौकी प्रभारी संजीत कुमार राठौड़ पुलिस टीम के साथ चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान पंत कॉलोनी में आरा मशीन के सामने एक स्कूटी सवार को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान स्कूटी से 96 पव्वे अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान हरबंश कुमार पुत्र स्वर्गीय लक्ष्मी प्रसाद, निवासी गांधीनगर, बनभूलपुरा, हल्द्वानी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली हल्द्वानी में मुकदमा संख्या 348/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 60/72 में मामला दर्ज किया है।
शहर में अवैध शराब की बिक्री और उसकी आपूर्ति को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय स्तर पर शराब की घर तक आपूर्ति किए जाने की चर्चाओं के बीच पुलिस के सामने तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने की चुनौती है। हालांकि, इस मामले में शराब की होम डिलीवरी किए जाने की पुष्टि नहीं हुई है।
कार्रवाई करने वाली टीम में चौकी प्रभारी संजीत कुमार राठौड़, कांस्टेबल ललित नाथ और अरविंद राणा शामिल रहे।

