उत्तराखंड-इस रेस्टोरेंट में छापा, रसोई का हाल देख अधिकारियों के उड़े होश!

raid-on-doon-clubs-handi-restaurant

राजधानी देहरादून न्यू सर्वे रोड, करणपुर स्थित दून क्लब के हांडी रेस्टोरेंट में खाद्य सुरक्षा नियमों की अनदेखी सामने आई है। रेस्टोरेंट की रसोई में सड़ी-गली सब्जियां, कई दिन पुरानी खाद्य सामग्री और गंदगी मिली। इसके अलावा रसोई और स्टोर में कॉकरोच व चूहे भी पाए गए। खामियों को देखते हुए संयुक्त टीम ने रेस्टोरेंट को तत्काल बंद करा दिया और संचालक को 14 दिन का इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किया है।

नक्शेदेखें

दून क्लब के हांडी रेस्टोरेंट में छापा

छापेमारी के दौरान हांडी रेस्टोरेंट में फ्रीजर में फूलगोभी, मूली, शिमला मिर्च, पत्तागोभी और आलू समेत कई सब्जियां सड़ी हुई मिलीं। टीम को करीब दो दिन पुराने चावल, दो से तीन दिन पहले गूंथा गया आटा और लगभग एक सप्ताह पुरानी मोमोज व चाउमीन बनाने की सामग्री भी मिली। खाद्य सामग्री खुले बर्तनों में रखी गई थी। रसोई और मसाले रखने वाली अलमारी में कॉकरोच और चूहे मिले। कई मसालों की थैलियां चूहों ने कुतर रखी थीं। स्टोर रूम में भी चूहों की मौजूदगी पाई गई।

तीन-चार दिन से पड़े थे जूठे बर्तन

रेस्टोरेंट के बर्तन धोने वाले क्षेत्र में भी काफी गंदगी मिली। वहां तीन से चार दिन पुराने जूठे बर्तन और जमा कूड़ा-कचरा पड़ा था। नालियां जाम थीं और पानी की निकासी की व्यवस्था भी खराब मिली। जांच के दौरान कर्मचारियों की मेडिकल फिटनेस से जुड़े दस्तावेज भी नहीं मिले। इसके अलावा पेस्ट कंट्रोल यानी कीटों और चूहों को खत्म करने के लिए कराए गए उपचार के प्रमाण और इस्तेमाल किए जा रहे पानी की जांच रिपोर्ट भी प्रस्तुत नहीं की गई।

बासी खाना कराया नष्ट

टीम ने मौके पर करीब पांच किलो बासी चावल, 15 किलो सब्जियां, दो किलो मोमोज और बासी चिकन करी नष्ट कराई। इसके साथ ही पनीर, दूध और डीप फ्रीजर में रखी तैयार चिकन करी के नमूने जांच के लिए लिए गए हैं। इनकी रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

रेस्टोरेंट संचालक को दिया 14 दिन का नोटिस

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सीमा डुंगराकोटी ने कहा कि दून क्लब जैसे प्रतिष्ठित संस्थान में इस तरह की कमियां मिलना चिंताजनक है। यहां कई गणमान्य और विशिष्ट अतिथि आते हैं, इसलिए भोजन तैयार करने और परोसने की व्यवस्था का साफ-सुथरा और सुरक्षित होना जरूरी है।

रेस्टोरेंट संचालक अभय सिंह नेगी को जारी नोटिस में सभी कमियां दूर करने के निर्देश दिए गए हैं। इसमें रसोई की सफाई, खराब खाद्य सामग्री को हटाना, चूहों और कॉकरोच से बचाव के उपाय करना, नालियों की मरम्मत, पानी की जांच और कर्मचारियों के जरूरी स्वास्थ्य संबंधी दस्तावेज तैयार रखना शामिल है।

सुधार नहीं मिलने पर निलंबित होगा लाइसेंस

अधिकारियों के मुताबिक, 14 दिन बाद दोबारा निरीक्षण कर यह देखा जाएगा कि कमियां दूर की गई हैं या नहीं। अगर व्यवस्था में जरूरी सुधार नहीं मिला, तो रेस्टोरेंट का लाइसेंस निलंबित करने समेत अन्य कानूनी कार्रवाई की जा सकती है

ADVERTISEMENTS Ad Ad

सम्बंधित खबरें