लोहाघाट : यूजर चार्ज में बढ़ोतरी को लेकर लोगों ने किया प्रदर्शन, दे दी ये चेतावनी

लोहाघाट में नगर पालिका के द्वारा लगाए गए यूजर चार्ज का मामला लगातार गरमा रहा है। शासन के निर्देश पर नगर पालिका प्रशासक व ईओ के द्वारा लगाए गए यूजर चार्ज के विरोध में शनिवार को लोगों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया।

यूजर चार्ज में बढ़ोतरी को लेकर प्रदर्शन
स्थानीय लोगों ने लोहाघाट के निवर्तमान पालिकाध्यक्ष गोविंद वर्मा के नेतृत्व में और निवर्तमान सभासदों के साथ पालिका प्रशासक व ईओ के खिलाफ नारेबाजी करते हुए यूजर चार्ज वापस लेने की मांग की। इसके साथ ही पालिका बोर्ड को बदनाम न करने की मांग भी की गई।

निवर्तमान पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा और सभासदों का कहना है कि पालिका प्रशासक व ईओ ने नगर वासियों को विश्वास में लिए बिना यूजर चार्ज लगा दिए हैं। इसके साथ ही यूजर चार्ज की वसूली भी शुरू कर दी गई है और इस मामले में पालिका बोर्ड को बेवजह घसीट कर बदनाम किया जा रहा है।

पालिका के द्वारा नगरवासियों से नहीं ली गई राय
निवर्तमान पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा ने कहा किसी भी बोर्ड के द्वारा यूजर चार्ज के बजट को पास नहीं किया गया है ये उनके पालिका बोर्ड को बदनाम करने की साजिश है। वहीं लोगों का कहना है पालिका के द्वारा किसी भी नगरवासी की राय नहीं ली गई और जबरन मनमर्जी से यूजर चार्ज लगा दिए गए हैं। इसलिए पूरे नगरवासी इसका विरोध करेंगे।

जन आंदोलन करने की दी चेतावनी
निवर्तमान पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा ने चेतावनी देते हुए कहा अगर यूजर चार्ज वापस नहीं लिए गए और बोर्ड को बदनाम करना नहीं छोड़ा गया तो वो जनता को साथ लेकर जन आंदोलन छेड़ देंगे। अगर जरूरत पड़ी तो एसडीएम कार्यालय में आत्मदाह करने से भी वो पीछे नहीं हटेंगे। वहीं ईओ प्रियंका रैकवाल का कहना है यूजर चार्ज का गजट शासन से पास हो चुका है। जिसके तहत निर्धारित दरों से यूजर चार्ज लिए जा रहे हैं।

Ad Ad

सम्बंधित खबरें