
हल्द्वानी के रामपुर रोड पर बीती देर शाम दो बाइकों की आमने सामने जबरदस्त भिड़ंत हो गई. हादसे में ग्राम विकास अधिकारी समेत दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई.
दो बाइकों की आमने सामने जबरदस्त भिड़ंत
हादसा सोमवार शाम का बताया जा रहा है. जानकारी के अनुसार ऊधमसिंह नगर जिले के रुद्रपुर स्थित रम्पुरा निवासी राजीव गुप्ता (29) सोमवार को अपने बहनोई प्रेम शंकर के साथ हल्द्वानी आए थे। दोनों यहां राजीव की भांजी भावना की शादी के कार्ड बांटने पहुंचे थे। कार्ड बांटने के बाद सोमवार शाम करीब सात बजे दोनों बाइक से वापस रुद्रपुर लौट रहे थे। इसी दौरान रामपुर रोड पर बेलबाबा के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई।
ग्राम विकास अधिकारी समेत दो की दर्दनाक मौत
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों पर सवार लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दूसरी बाइक पर भी दो लोग सवार बताए जा रहे हैं। हादसे में कालाढूंगी के वार्ड नंबर छह निवासी सौरभ बिष्ट (29) की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है सौरभ पेशे से ग्राम विकास अधिकारी थे। वहीं, रुद्रपुर निवासी राजीव गुप्ता ने भी हादसे में दम तोड़ दिया। राजीव के बहनोई प्रेम शंकर गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए एसटीएच में भर्ती कराया गया है।

