UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और लू के बीच कल 29 अप्रैल बुधवार को मौसम ने अचानक करवट ली। तेज आंधी-बारिश कई जिलों के लिए भारी पड़ गई। दीवार गिरने, पेड़ उखड़ने और बिजली गिरने जैसी घटनाओं में प्रदेशभर में 18 लोगों की जान चली गई। सबसे ज्यादा असर अवध क्षेत्र में दिखा, जहां 13 मौतें दर्ज की गईं सुल्तानपुर में 7, जबकि अमेठी और अयोध्या में 3-3 लोगों की मौत हुई। वहीं पूर्वांचल के जिलों में भी 5 लोगों की जान गई।
400 से ज्यादा गांव और कस्बों में
राजधानी लखनऊ में हालात बिगड़ गए, जहां शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक बिजली व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित रही। करीब 100 बिजली के खंभे और तार टूट गए, जिससे 400 से ज्यादा गांव और कस्बों में 3 से 7 घंटे तक बिजली गुल रही। मौसम का असर रेलवे पर भी पड़ा और उत्तर व पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल की कई ट्रेनें प्रभावित हुईं। तेज हवाओं ने कई जगह तबाही मचाई। वाराणसी में 109 किमी/घंटा और अयोध्या में 87 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलीं।
बांदा रहा सबसे गर्म जिला
इसके बावजूद गर्मी का असर बरकरार रहा और बांदा 45.8 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा। लखनऊ, रायबरेली, अमेठी और सीतापुर में बारिश के साथ ओले भी गिरे। वहीं गोरखपुर में 19.2 मिमी, प्रयागराज में 11.2 मिमी और वाराणसी में 9 मिमी बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तरी पाकिस्तान और जम्मू-कश्मीर के आसपास मध्य क्षोभमंडल में बने चक्रवाती परिसंचरण के कारण यह बदलाव देखने को मिला है। अगले 24 घंटे तक प्रदेश में ऐसा ही मौसम बने रहने की संभावना है। आज भी करीब 35 जिलों में गरज-चमक, हल्की बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी किया गया है। बांदा, चित्रकूट, प्रयागराज, वाराणसी, कानपुर, आगरा समेत कई जिलों में बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। वहीं कुछ इलाकों में 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।


