
पहली बार सरकार ने ऑपरेशन सिंदूर(Operation Sindoor ) के दौरान शहीद हुए भारतीय सैनिकों के नाम सार्वजनिक किए है। इंडियन आर्मी द्वारा चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर के दौरान हमारे छह भारतीय सैनिक शहीद हुए थे। बता दें कि पहलगाम में आतंकी हमले के बाद बीते साल मई के महीने में ऑपरेशन सिंदूर चलाया गया था। जिसमें पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में आतंकी ठिकानों को तबाह किया गया था।
पहली बार Operation Sindoor में शहीद हुए जवान के नाम आए सामने
दरअसल मीडिया रिपोर्ट्स की माने तो ऑपरेशन सिंदूर में शहीद छह सैनिकों के नाम नेशनल वॉर मेमोरियल की वेबसाइट पर ‘रोल ऑफ ऑनर’ सेक्शन में प्रकाशित किए गए हैं। तो वहीं नई दिल्ली में नेशनल वॉर मेमोरियल में भी शहीद जवानों के नाम लिखे गए हैं।
ऑपरेशन सिंदूर में शहीद सैनिकों की लिस्ट
- हेडक्वार्टर 10 इन्फैंट्री ब्रिगेड के सूबेदार मेजर पवन कुमार।
- 4 जम्मू-कश्मीर लाइट इन्फैंट्री के राइफलमैन सुनील कुमार (वीर चक्र)।
- 5 फील्ड रेजिमेंट के लांस नायक दिनेश कुमार।
- 851 लाइट रेजिमेंट के एविएशन टेक्नीशियन मूड मुरलीनाइक।
- 237 फील्ड वर्कशॉप कंपनी के हवलदार सुनील कुमार सिंह।
- 39 विंग के सार्जेंट सुरेंद्र कुमार (वायु सेना मेडल) शामिल हैं।
बता दें कि मेमोरियल की ‘वॉल 3D’ में इन सैनिकों के नाम देश की सेवा में अपनी जान देने वाले सैनिकों के सेक्शन में उकेरे गए हैं।
शहीदों की पहली आधिकारिक जानकारी
मई 2025 में भारत और पाक के बीच चार दिनों तक संघर्ष चला था। इस दौरान सैन्य नुकसान की खबरें और अटकलें तेज हुई थी। लेकिन इसके बावजूद सरकार ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में मारे गए जवानों की पहचान को लेकर आधिकारिक तौर पर खुलासा नहीं किया था। ऐसे में नेशनल वॉर मेमोरियल के ‘रोल ऑफ़ ऑनर’ (सम्मान सूची) में नामों का प्रकाशन जवानों के शहीद होने की पहली ऑफिशियल पुष्टि है।
सेना और वायु सेना दोनों के जवान शामिल
ऑपरेशन सिंदूर के दौरान सेना और भारतीय वायु सेना दोनों के जवान शहीद हुए थे। राइफलमैन सुनील कुमार को तो उनकी बहादुरी के लिए वीर चक्र से सम्मानित किया गया। तो वहीं वायु सेना पदक प्राप्तकर्ता सार्जेंट सुरेंद्र कुमार भी वीर शहीदों में शामिल हैं।