हल्द्वानी में NEET की तैयारी कर रही छात्रा की मौत, डायरी ने खड़े किए सवाल..।

हल्द्वानी—   उत्तराखंड के हल्द्वानी से एक बेहद दुखद और संवेदनशील मामला सामने आया है। मध्य प्रदेश की रहने वाली 19 वर्षीय अंजलि जाटव, जो NEET परीक्षा की तैयारी के लिए हाल ही में हल्द्वानी आई थीं, अपने पीजी के कमरे में मृत मिलीं। सूचना मिलने पर पुलिस ने उन्हें तत्काल सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार, मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। हालांकि कमरे से एक डायरी मिली है, जिसमें लिखी एक लाइन _”एक को छोड़ दिया है, दूसरे को नहीं छोड़ूंगी। अब जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा बनी हुई है। पुलिस ने इसे जांच के लिए सुरक्षित रखते हुए मामले की हर पहलू से पड़ताल शुरू कर दी है।

अंजलि मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले की निवासी थीं और 30 मई को हल्द्वानी स्थित एक निजी कोचिंग संस्थान में दाखिला लिया था। वह फिलहाल डेमो क्लास कर रही थीं और 29 जून से उनकी नियमित कक्षाएं शुरू होने वाली थीं। मुखानी क्षेत्र में स्थित एक निजी पीजी में रहकर वह अपने डॉक्टर बनने के सपने को साकार करने की तैयारी कर रही थीं।

पुलिस ने मृतका का मोबाइल फोन भी कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामले को संदिग्ध मानते हुए सभी संभावित पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

घटना ने परिवार को गहरा आघात पहुंचाया है। मृतका के पिता ने पहले अपने बेटे को भी NEET की तैयारी के लिए हल्द्वानी भेजा था, जो वर्तमान में एम्स भोपाल में अध्ययन कर रहा है। अब बेटी भी उसी राह पर चलकर डॉक्टर बनना चाहती थी, लेकिन उसका यह सपना अधूरा रह गया।

सम्बंधित खबरें