रिंग रोड पर गैस सिलेंडरों से भरे ट्रक में आग लगने की सूचना, ड्राइवर ने इस तरह बचाई जान

जयपुर में रिंग रोड पर दहका गैस सिलेंडरों से भरा ट्रक, ड्राइवर ने कूदकर बचाई जान, टला बड़ा हादसा

जयपुर।राजधानी के सांगानेर सदर थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब एलपीजी गैस सिलेंडरों से भरे एक ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। ट्रक के केबिन से आग की लपटें उठती देख ड्राइवर ने सूझबूझ दिखाई और चलती गाड़ी को रोककर नीचे कूद गया, जिससे उसकी जान बच गई। गनीमत यह रही कि ट्रक में रखे सभी 359 गैस सिलेंडर खाली थे, अन्यथा रिंग रोड पर एक बड़ा विस्फोट और भयानक हादसा हो सकता था।

### अलवर से जयपुर आ रहा था खाली सिलेंडरों का ट्रक

सांगानेर सदर थाना पुलिस के अनुसार, यह हादसा रविवार दोपहर करीब 3:30 बजे रिंग रोड के पास हुआ। करौली के सपोटरा निवासी ट्रक ड्राइवर भूर सिंह अलवर से गैस सिलेंडरों की खाली टंकियां लोड करके ट्रक लेकर जयपुर आ रहा था। इसी दौरान रिंग रोड के नजदीक अचानक ट्रक के केबिन में शॉर्ट सर्किट या अन्य कारणों से आग भड़क गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।

### फायर ब्रिगेड ने पाया आग पर काबू, मची अफरातफरी

हादसे के बाद रिंग रोड पर कुछ समय के लिए अफरातफरी का माहौल हो गया और वाहनों की रफ्तार थम गई। राहगीरों की सूचना पर सांगानेर सदर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और दमकल विभाग को सूचित किया। फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी ने मौके पर पहुंचकर मुस्तैदी से पानी की बौछारें कर ट्रक में लगी आग पर पूरी तरह काबू पाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि आग लगने के असल कारण क्या थे।

सम्बंधित खबरें