हाईटेंशन लाइन चपेट में आने से मजदूर की मौत, तीन अन्य घायल, हायर सेंटर रेफर

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पोल खड़ा करते समय सुरक्षा मानकों का पालन नहीं हो सका. जिससे पोल सीधे विद्युत लाइन से संपर्क में आ गया.

चंपावत: जिले के पाटी क्षेत्र में शनिवार को बीएसएनएल की फाइबर लाइन का कार्य एक दर्दनाक हादसे में बदल गया. 11 केवी बिजली लाइन की चपेट में आने से नेपाल निवासी 19 वर्षीय मजदूर की मौके पर मौत हो गई, जबकि तीन अन्य मजदूर झुलस गए. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया. जहां एक की हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर रेफर किया गया.

चम्पावत जिले के पाटी क्षेत्र के जौलाड़ी वार्ड में शनिवार को बीएसएनएल की फाइबर लाइन के लिए पोल गाड़ने के दौरान बड़ा हादसा हो गया. कार्य के दौरान पोल 11 हजार केवी विद्युत लाइन से छू गया. जिससे करंट फैल गया. हादसे में एक नेपाली मजदूर की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य मजदूर झुलस गए. गंभीर रूप से घायल एक मजदूर को हायर सेंटर रेफर किया गया है.

शनिवार दोपहर करीब 12:20 बजे बीएसएनएल की फाइबर लाइन के लिए पोल खड़ा किया जा रहा था. इसी दौरान पोल ऊपर से गुजर रही 11 केवी बिजली लाइन की चपेट में आ गया. करंट लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई. चारों मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए. स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पाटी पहुंचाया.

अस्पताल में चिकित्सकों ने 19 वर्षीय सुशील शाही पुत्र गौरव शाही, निवासी नेपाल को मृत घोषित कर दिया. वहीं 40 वर्षीय धनजीत बुद्ध पुत्र जद्दा बुद्ध, निवासी नेपाल की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय चम्पावत से हायर सेंटर रेफर कर दिया गया. हादसे में 30 वर्षीय उपेंद्र बहादुर शाही पुत्र दिल बहादुर शाही तथा 36 वर्षीय कमल शाही पुत्र खड़क शाही, दोनों निवासी नेपाल, को हल्की चोटें आईं. दोनों का प्राथमिक उपचार करने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पोल खड़ा करते समय सुरक्षा मानकों का पालन नहीं हो सका. जिससे पोल सीधे विद्युत लाइन से संपर्क में आ गया. जिसके बाद यह दर्दनाक हादसा हो गया. पुलिस और प्रशासन ने घटना की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है. हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है.

ADVERTISEMENTS Ad

सम्बंधित खबरें