
नंदा देवी महोत्सव के समापन और डोला विसर्जन कार्यक्रम को देखते हुए नैनीताल जिले के तीन प्रमुख नगर क्षेत्रों में 23 सितंबर 2026 को एक दिवसीय अवकाश घोषित किया गया है। जिला प्रशासन ने नैनीताल, भवाली और भीमताल के सभी शिक्षण संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों को बुधवार को बंद रखने के आदेश जारी किए हैं।
नंदा देवी महोत्सव के समापन पर अवकाश घोषित
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बताया कि ऐतिहासिक श्री नंदा-सुनंदा देवी महोत्सव का विधिवत समापन 23 सितंबर को भव्य शोभायात्रा और मां नंदा-सुनंदा के डोला विसर्जन के साथ होगा। नैनीताल के साथ-साथ भवाली और भीमताल नगर क्षेत्रों में भी डोला विसर्जन कार्यक्रम प्रस्तावित हैं।
धार्मिक आयोजनों के चलते नैनीताल, भवाली और भीमताल में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने की संभावना है। इसके चलते इन क्षेत्रों में यातायात का दबाव बढ़ने और आवागमन प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने यह निर्णय लिया है।
स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र में अवकाश घोषित
छात्र-छात्राओं की सुरक्षा और उनके सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए इन तीनों नगर क्षेत्रों के अंतर्गत संचालित समस्त शासकीय, अशासकीय, गैर-सरकारी (निजी) विद्यालयों, विश्वविद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में 23 सितंबर को एक दिवसीय अवकाश घोषित किया गया है। नैनीताल डीएम ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।