
मुखानी में सूने घर को बनाया निशाना, 1996 से कभी नहीं खोला गया था मां का दिया हरा डिब्बा, CCTV में संदिग्ध महिला कैद, पुलिस जांच में जुटी हल्द्वानी। हल्द्वानी के मुखानी थाना क्षेत्र में चोरी की एक ऐसी वारदात सामने आई है, जिसने सिर्फ लाखों के जेवर ही नहीं, बल्कि एक परिवार की भावनात्मक धरोहर भी छीन ली। चोर घर से चांदी के आभूषण और अन्य कीमती सामान के साथ यह हरे रंग का डिब्बा भी उठा ले गए, जिसे परिवार ने मां की आखिरी निशानी के रूप में करीब 30 वर्षों से संभालकर रखा था।
जानकारी के अनुसार आनंदपुरी फेज-3 निवासी 67 वर्षीय सतीश कुमार ने मुखानी थाने में तहरीर देकर बताया कि 26 जुलाई को वह अपने पूरे परिवार के साथ एक विवाह समारोह की खरीदारी के लिए बाजार गए थे। घर से निकलते समय कमरों में ताले लगाए गए थे, जबकि मुख्य दरवाजा और किचन का दरवाजा खुला था। अगले दिन घर लौटने पर कमरे की सफाई के दौरान बिस्तर के आसपास सामान बिखरा मिला। जब अलमारी की जांच की गई तो पर्स में रखी चांदी की पायलें, चांदी के सिक्के और जन्य कीमती सामान गायब मिला। सबसे बड़ा झटका तब लगा, जब अलमारी में रखा वह हरे रंग का डिब्बा भी नहीं मिला, जिसे उनकी मां ने निधन से पहले उन्हें सौंपा था। पीड़ित के अनुसार उनकी मां ने डिब्बा देते समय कहा था कि उसमें कुछ आभूषण हैं, लेकिन वर्ष 1996 से आज तक परिवार के किसी सदस्य ने उस डिब्बे को कभी नहीं खोला। परिवार ने उसे मां की अमूल्य निशानी मानकर सुरक्षित रखा था। अब उसी डिब्बे के चोरी हो जाने से पूरा परिवार गहरे सदमे में है। घटना की जांच के दौरान घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें एक संदिग्ध महिला घर के अंदर जाती और कुछ देर बाद बाहर निकलती दिखाई दे रही है। पुलिस ने महिला की पहचान के प्रयास तेज कर दिए हैं। आसपास के मकानों और मुख्य मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। मुखानी पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है और संदिग्ध महिला की तलाश के साथ चोरी गए सामान की बरामदगी के लिए टीमों को लगाया गया है। पुलिस को उम्मीद है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जल्द ही आरोपी तक पहुंचा जा सकेगा।