चलती एसी स्लीपर बस में लगी भयानक आग, 80 यात्रियों में मची चीख-पुकार

चालक और परिचालक की सूझबूझ बची यात्रियों की जान

Punjab Bus Fire : पंजाब के खन्ना के निकट लुधियाना-अमृतसर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब यात्रियों से भरी एक स्लीपर बस में अचानक आग लग गई। बस में करीब 80 यात्री सवार थे, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। चालक और परिचालक की सूझबूझ से सभी यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

जानकारी के अनुसार बस जालंधर से उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले की ओर जा रही थी। खन्ना के समीप बिजा गांव के पास पहुंचते ही बस से धुआं निकलना शुरू हो गया और देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। चालक ने तुरंत बस को सड़क किनारे रोक दिया, जबकि परिचालक ने यात्रियों को तेजी से बाहर निकालना शुरू किया। आग लगने से बस में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जान बचाने के लिए यात्री जल्दबाजी में बस से नीचे उतरे। इस दौरान कुछ लोगों को मामूली चोटें आईं, जबकि कुछ यात्री हल्के रूप से झुलस गए। उन्हें मौके पर प्राथमिक उपचार दिया गया। आग इतनी तेजी से फैली कि अधिकांश यात्री अपना सामान तक नहीं निकाल सके और उनका सामान जलकर राख हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। खन्ना की एसडीएम स्वाति तिवाना ने घटनास्थल का दौरा कर राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि सभी यात्री सुरक्षित हैं और प्रशासन द्वारा उनकी सहायता के लिए आवश्यक प्रबंध किए गए हैं।

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी माना जा रहा है। हालांकि वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। प्रशासन यात्रियों का विवरण भी एकत्र कर रहा है। दमकल विभाग के कर्मचारी किरणवीर सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही दो फायर टेंडरों को मौके पर भेजा गया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन यात्रियों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।

सम्बंधित खबरें