खुद को आग लगाकर शहर कोतवाल के कार्यालय में घुसी युवती, 60 फीसदी झुलसी; मेरठ के हायर सेंटर रेफर

सांकेतिक चित्र – फोटो : अमर उजाला

शहर कोतवाली में रविवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवती ने अपने ऊपर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली और जलती हुई हालत में शहर कोतवाल के कार्यालय में घुस गई। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए आग बुझाई और उसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे मेरठ के हायर सेंटर रेफर कर दिया।

जानकारी के अनुसार, थाना किरतपुर क्षेत्र के गांव इस्लामपुर साहू छितावर निवासी 25 वर्षीय अवनिशा का किसी व्यक्ति से विवाद चल रहा है, जिसका मामला न्यायालय में विचाराधीन बताया जा रहा है। रविवार रात करीब 11 बजे वह अपनी शिकायत लेकर शहर कोतवाली पहुंची थी। बताया जाता है कि कोतवाली में उसकी एक महिला सिपाही से कहासुनी हो गई। इसके बाद युवती ने अपने ऊपर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली। आग की लपटों से घिरी युवती सीधे शहर कोतवाल के कार्यालय की ओर दौड़ पड़ी और कार्यालय में घुस गई। अचानक हुई इस घटना से कोतवाली परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिसकर्मियों ने तत्काल आग बुझाने का प्रयास किया और गंभीर रूप से झुलसी युवती को मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भर्ती कराया। चिकित्सकों के अनुसार वह करीब 60 प्रतिशत तक झुलस गई है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए मेरठ रेफर कर दिया गया।

घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक बिजनौर अभिषेक झा देर रात शहर कोतवाली पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों से पूछताछ की। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

ADVERTISEMENTS Ad

सम्बंधित खबरें