
देहरादून से बड़ी खबर सामने आ रही है। शहर कोतवाली के एक पुलिसकर्मी पर महिला ने छेड़छाड़ के आरोप लगाए हैं। मामला सामने आने के बाद बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने पुलिस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
पुलिसकर्मी पर महिला से छेड़छाड़ के आरोप
युवती ने शहर कोतवाली के एक पुलिसकर्मी पर छेड़छाड़ के आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि इस संबंध में उसने पुलिस से भी शिकायत की थी। लेकिन संबंधित पुलिसकर्मी पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। मामला सामने आने के बाद बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने दून पुलिस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
चौकी के बाहर धरने पर बैठे बजरंग दल कार्यकर्ता
बुधवार को बड़ी संख्या में बजरंग दल के कार्यकर्ता लक्कीबाग चौकी के बाहर धरने पर बैठ गए। कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन के दौरान सहारनपुर रोड पर सड़क जाम कर दी है। जिसके चलते रेलवे स्टेशन से आईएसबीटी की ओर जाने वाला यातायात रोक दिया गया है। रेलवे स्टेशन से लक्कीबाग चौकी होते हुए प्रिंस चौक तक वाहनों की कतार लगी हुई है।
CO सिटी ने दिया कार्रवाई का भरोसा
सीओ सिटी स्वप्निल मुयाल ने प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया। हालांकि कार्यकर्ता आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। अधिकारियों की ओर से शाम पांच बजे तक कार्रवाई का भरोसा दिया गया। इसके बाद करीब डेढ़ घंटे बाद कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन समाप्त कर सड़क से जाम हटा दिया।
पुलिसकर्मी को किया लाइन हाजिर
बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी थी कि यदि शाम तक आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो शाम छह बजे घंटाघर पर जाम लगाया जाएगा। मामले पर पुलिस अधिकारियों का कहना है जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिसकर्मी को लाइन हाजिर कर दिया है।